पंजाब विधानसभा चुनाव से करीब 4 महीने पहले आम आदमी पार्टी ने 40 सीटों पर उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर विपक्षियों के उस नैरेटिव को मात देने की कोशिश की है, जिसमें कहा जा रहा था कि अपराध और नशे के मुद्दे पर सरकार बैकफुट पर आ गई है।आप पार्टी पहली सूची में कोई क्रांतिकारी बदलाव करने से बची है।सभी 40 उम्मीदवार मौजूदा विधायक हैं। जिनका तय था,उनको फिर से टिकट दिया गया है।पहली सूची में ऐसे कई नाम हैं जिनका दूसरी पार्टियों में जाने की सबसे ज्यादा चर्चा चल रही थी,उनको टिकट देकर रोकने की कोशिश की है।
आम आदमी पार्टी के चुनावी मैनेजमेंट की असली परीक्षा बचे हुए 77 सीटों पर प्रत्याशियों का फैसला करते समय होगी। 40 विधायकों को टिकट देने के बाद अभी आप पार्टी के 54 मौजूदा विधायकों के टिकट का फैसला होना बाकी है।यह देखना दिलचस्प होगा कि आप पार्टी जिन विधायकों के टिकट काटेगी, वह क्या करेंगे।पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता बने रहेंगे या फिर किसी और पार्टी में शामिल होंगे।पार्टी के सामने विधायकों के टिकट कटने पर बग़ावत से रोकने की सबसे बड़ी चुनौती होगी।
बची सीटों पर नए चेहरों, दूसरे दलों से आए नेताओं व संगठन के पदाधिकारियों को कितना मौका मिलता है. यह चुनावी रणनीति की असली दिशा बताएगा।
पंजाब में आम आदमी पार्टी के प्रमुख रणनीतिकार रहे और बाद में बीजेपी में शामिल हो चुके संदीप पाठक और राघव चड्ढा पूरी कोशिश करेंगे कि आप पार्टी के टिकट से वंचित विधायकों को बीजेपी में शामिल कर आम आदमी पार्टी को झटका दिया जाए।
अपनी पार्टी को टूट से बचाने की बड़ी चुनौती अरविंद केजरीवाल और सीएम भगवंत मान के सामने होगी।यही कारण है कि आप पार्टी ने मान कैबिनेट में अब तक पांच मंत्रियों कुलदीप धालीवाल, बहाशंकर जिंपा, डॉ. इंदरबीर सिंह निखार और बलकार सिंह को ख़राब प्रदर्शन के बाद कैबिनेट से हटाया गया था, लेकिन इन चारों को पार्टी ने फिर उम्मीदवार बनाया है।वहीं, जेल में बंद संजीव अरोड़ा के विभाग वापस लिए जाने के बावजूद उनका कैबिनेट मंत्री का दर्जा बरकरार है और टिकट भी दिया है।
पहली सूची में चार महिलाओं को जगह मिली है।इनमें नकोदर से इंदरजीत कौर मान, बलाचौर से संतोष कटारिया, मोगा से डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा और तलवंडी साबो से बलजिंदर कौर शामिल हैं।40 उम्मीदवारों में महिलाओं की हिस्सेदारी 10% है।
आम आदमी पार्टी की 40 उम्मीदवारों की सूची में चार विधायक ऐसे हैं, जिन्होंने 2017 और 2022 दोनों विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज की थी।ये 2027 में तीसरी बार चुनाव लड़ेंगे।इनमें कोटकपूरा से कुलतार सिंह संधवां, तलवंडी साबो से बलजिंदर कौर, गढ़शंकर से जय कृष्ण सिंह रोड़ी और निहाल सिंह वाला से मनजीत सिंह बिलासपुर शामिल हैं।
आप पार्टी की पहली सूची में 33 ऐसे विधायक हैं, जिन्होंने 2022 के विधानसभा चुनाव में पहली बार जीत दर्ज की थी।अब ये दूसरी बार चुनाव लड़ेंगे।इनमें मुख्यमंत्री भगवंत मान भी शामिल हैं।उन्होंने 2017 में जलालाबाद से चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए थे।2022 में धूरी से पहली बार विधायक बने।
पहली बार उपचुनाव जीतने वाले 3 विधायकों को भी दूसरा मौका दिया गया है।इनमें चब्बेवाल से डॉ. ईशांक कुमार चब्बेवाल लुधियाना पश्चिम से संजीव अरोड़ा और तरनतारन से हरमीत संधू शामिल हैं।
आप की पहली सूची में माझा, दोआबा और मालवा को प्रतिनिधित्व मिला है।मालवा क्षेत्र से सबसे ज्यादा 27 जबकि दोआबा से 8 और माझा से 5 सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए गए हैं।







